विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गोपाल राय, ने कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक हिंदुओं की असुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने विशेष रूप से हैदराबाद में हिंदू विरोधी घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। हैदराबाद में आयोजित एक सम्मेलन में उन्होंने कहा, "पहले कश्मीर, फिर बंगाल, केरल और अब हैदराबाद, ये सभी क्षेत्र हिंदुत्व विरोध का केंद्र बन गए हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में हिंदू समुदाय और मंदिरों पर हमले बढ़ते जा रहे हैं, जो चिंता का विषय है।"
गोपाल राय ने इस बढ़ते विरोध को लेकर देशभर के हिंदुओं को जागरूक करने के लिए एक व्यापक अभियान शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने हिंदू समाज से एकजुट होकर इन चुनौतियों का सामना करने का आह्वान किया। इसके साथ ही, उन्होंने देश-विदेश के मीडिया कर्मियों से अपील की कि वे हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को जन-जन तक पहुँचाएं।
इस राष्ट्रवादी अभियान में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण मानते हुए, गोपाल राय ने महिलाओं को संगठन से जुड़ने का आह्वान किया। इसी कड़ी में, उन्होंने जमुना पाठक को विश्व हिंदू रक्षा परिषद के महिला मोर्चे का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि जमुना पाठक पूरे देश की महिलाओं को संगठन से जोड़कर इस अभियान को और अधिक मजबूती देंगी।
जमुना पाठक ने इस अवसर पर अपने कर्तव्यों को सही तरीके से निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, "देश में हिंदुओं की सुरक्षा में महिलाएं भी पीछे नहीं रहेंगी।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी समुदाय के खिलाफ नहीं है, बल्कि समाज में हिंदुओं के पक्ष में सौहार्द स्थापित करने के लिए है।
इस अवसर पर राम बाबू, राष्ट्रीय संगठन मंत्री, मुकेश सिंह, संजय सिंह, सुरेश जी, अश्वनी आनंद जी, भवानी, विजयलक्ष्मी, कामला, प्रसन्ना, मल्लेश अंदुला सहित कई अन्य प्रमुख व्यक्ति उपस्थित थे।